“जिलाधिकारी निकिता खंडेलवाल ने टिहरी में संभाली कमान: कार्यालयों को पेपरलेस बनाने की पहल”

Share Now

नई जिलाधिकारी निकिता खंडेलवाल ने संभाली टिहरी की कमान: विकास कार्यों में समन्वय और पारदर्शिता पर जोर

नई टिहरी, 5 जून 2025: टिहरी जिले की 57वीं जिलाधिकारी के रूप में 2015 बैच की आईएएस अधिकारी निकिता खंडेलवाल ने गुरुवार को पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद, उन्होंने जिला सभागार में समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ परिचय बैठक की, जिसमें विकास कार्यों में प्राथमिकता, पारदर्शिता और समन्वय पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों से विभिन्न परियोजनाओं की प्राथमिकता निर्धारित कर आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा। उन्होंने लक्ष्य बनाकर कार्य करने, किसी भी समस्या या मुद्दों को समय रहते संज्ञान में लाकर उसका निस्तारण करने का निर्देश दिया, ताकि कोई कार्य रुके नहीं।

इसके साथ ही, उन्होंने ऑनलाइन और ऑफलाइन कार्यों में और अधिक सुधार लाने हेतु सुझाव देने, रेखीय विभागों को पोर्टलों पर कार्यों को अपडेट करने, कार्यालयों को पेपरलेस बनाने हेतु प्रशिक्षण देकर अभिलेखों को डिजिटाइज करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर सीडीओ वरुणा अग्रवाल, डीएफओ टिहरी वन प्रभाग पुनीत तोमर, डीएफओ डैम संदीपा शर्मा, एडीएम ए.के. सिंह, सीएमओ श्याम विजय सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी निकिता खंडेलवाल इससे पूर्व अपर सचिव सूचना प्रौद्योगिकी, सीडीओ देहरादून सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुकी हैं। उनकी प्रशासनिक दक्षता और विकास कार्यों में पारदर्शिता के लिए प्रतिबद्धता के चलते, टिहरी जिले में उनके नेतृत्व में विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!