राज्यपाल ने थल सेना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी

Share Now

देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने समस्त प्रदेशवासियों को थल सेना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
राज्यपाल ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और अस्मिता की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को नमन करते हुए कहा है की माँ भारती अपने वीर, साहसी एवं पराक्रमी सैनिकों तथा सैनिक परिवारों की सदैव ऋणी रहेगी। उन्होंने कहा की सशक्त, प्रतिबद्ध एवं शौर्यवान भारतीय सेना ने सदैव राष्ट्र को गौरवान्वित किया है। प्रत्येक भारतीय को अपने वीर सैनिकों की निस्वार्थ सेवा तथा समर्पण पर गर्व है। हमारे बहादुर सैनिकों की अद्भुत वीरता, अदम्य साहस तथा कर्तव्यपरायणता भावी पीढ़ियों को देश की सेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।
राज्यपाल ने कहा कि भारतीय सेना न केवल देश की सीमाओं की रक्षा कर रही है बल्कि आवश्यकता के समय आंतरिक आपदाओं में देशवासियों को मानवीय सहायता भी प्रदान कर रही है। राज्यपाल ने कहा कि सैन्य भूमि उत्तराखंड का देश की रक्षा सेवा में महत्वपूर्ण योगदान है। उत्तराखंड वासियों का राष्ट्र की रक्षा में योगदान तथा पीढ़ी दर पीढ़ी चलने वाली गौरवशाली सैन्य परंपराएं देश और दुनिया के लिए प्रेरणा है।

error: Content is protected !!