बड़ा हादसा टला, पैराफिट तोड़ते हुए खाई में लटकी बस, बाल-बाल बची यात्रियों की जान

Share Now

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोमवार तड़के फाटा के समीप जामू क्षेत्र में महाराष्ट्र के पुणे से आए 22 श्रद्धालुओं को केदारनाथ लेकर जा रही एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए गहरी खाई की ओर लटक गई। सौभाग्य की बात यह रही कि बस खाई में गिरने से पहले पैराफिट के पत्थरों में अटक गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और 22 यात्रियों की जान बच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह लगभग चार बजे बस जामू स्थित एक होटल से केदारनाथ हाईवे की ओर रवाना हुई थी। जामू हेलीपैड के समीप ढलान वाले मार्ग पर एक तीखे मोड़ पर अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण बेकाबू हो गया। देखते ही देखते बस सड़क किनारे बने सुरक्षा पैराफिट को तोड़कर सड़क से बाहर निकल गई और खाई की ओर झुकते हुए लटक गई।
 बस के खाई की ओर झुकते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। अंधेरे और भयावह स्थिति के बीच कुछ क्षणों के लिए सभी की सांसें थम गई। लेकिन चालक ने असाधारण धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए घबराहट पर काबू रखा और तत्काल सभी यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकालना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में सभी 22 यात्रियों को सुरक्षित बस से उतार दिया गया।
 प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस लगभग 100 मीटर गहरी खाई में समाने से बाल-बाल बची। यदि वाहन पैराफिट के अवशेषों में नहीं अटकता, तो दुर्घटना गंभीर रूप ले सकती थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह किसी चमत्कार से कम नहीं था कि बस खाई में नहीं गिरी और सभी यात्री सुरक्षित बच गए।
 दुर्घटना की सूचना मिलते ही फाटा चैकी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही वाहन को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी। मौके पर काफी संख्या में स्थानीय लोग भी जुट गए और बचाव कार्य में सहयोग किया। फाटा चैकी प्रभारी दिनेश सती ने बताया कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित है। पुलिस द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!