उत्तरकाशी। सीमांत जनपद उत्तरकाशी के मोरी विकासखंड की हरकीदून घाटी स्थित पवाणी गांव में मंगलवार शाम भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचा दी। एक मकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास स्थित लकड़ी के कई आवासीय भवनों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि करीब 30 मकानों के जलकर राख होने की सूचना है। इस घटना से अनेक परिवारों के सामने आशियाने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम गांव के एक मकान में अचानक आग लग गई। ग्रामीण कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आग तेजी से फैलने लगी। बताया जा रहा है कि एक मकान में रसोई गैस सिलिंडर फटने के बाद आग ने और विकराल रूप ले लिया। गांव में अधिकांश भवन लकड़ी के बने होने तथा मकानों के एक-दूसरे के नजदीक होने के कारण लपटें तेजी से फैलती चली गईं। देखते ही देखते कई मकान आग की भेंट चढ़ गए।

