मंत्री गणेश जोशी का बयान देश के शहीदों का अपमान एवं भाजपा नेताओं की विक्षिप्त मानसिकता का परिचायकः करन माहरा

Share Now

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने भाजपा सरकार के मंत्री गणेश जोशी द्वारा नेहरू गांधी परिवार पर की गई अशोभनीय टिप्पणी की कड़े शब्दों में निन्दा करते हुए इसे देश के शहीदों का अपमान बताते हुए कहा कि गणेश जोशी के बयान से भाजपा नेताओं की विक्षिप्त मानसिकता उजागर होती है।
प्रदेश कंाग्रेस उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी के माध्यम से जारी बयान में भाजपा सरकार के मंत्री गणेश जोशी द्वारा कांग्रेस नेताओं और नेहरू गांधी परिवार पर की गई अशोभनीय टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कंाग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री द्वारा गांधी परिवार के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी व व्यक्तिगत टिप्पणियां कर देश के लिए दी गई उनकी शहादत को अपमानित किया गया है जिसकी जितने भी कड़े शब्दों में निंदा की जाय कम है। उन्होंने कहा कि सत्ता के मद में चूर भाजपा सरकार के मंत्री गणेश जोशी द्वारा गांधी परिवार के खिलाफ की गई टिप्पणी की कांग्रेस पार्टी कठोर शब्दों में निंदा करती है तथा चेतावनी देती है कि भाजपा नेता अपनी अभद्र टिप्पणियों से शहीदों तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों का अपमान करने से बाज आयें।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि यह पहला मौका नहीं है जब भाजपा मंत्री गणेश जोशी ने नेहरू गांधी परिवार के प्रति इस प्रकार की मानसिकता का परिचय दिया है इससे पहले भी गणेश जोशी द्वारा कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी जी एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राहुल गांधी जी के बारे में की गई अनर्गल एवं अभद्र टिप्पणी की गई। उन्होंने भाजपा सरकार के मंत्री गणेश जोशी को मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति करार देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को उन्हें तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री गणेश जोशी सैनिक पृष्ठभूमि के व्यक्ति हैं जिनसे यह अपेक्षा कतई नहीं की जा सकती है कि वे शहीदों का अपमान करें। उनकी इस टिप्पणी से न केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं बल्कि सम्पूर्ण प्रदेश एवं देश की सेवा एवं रक्षा करते हुए शहीद हुए लोग अपमानित हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार तथा देश की एकता और अखण्डता के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर करने वाली स्व0 इन्दिरा गांधी जी एवं स्व0 राजीव गांधी जी के खिलाफ मंत्री गणेश जोशी द्वारा की गई अभद्र एवं अशोभनीय टिप्पणी से ऐसा लगता है कि भाजपा नेताओं के मन मे शहीदों की शहादत का कोई सम्मान नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री गणेश जोशी ही अकेले नेता नहीं हैं जिन्होंने शहीद परिवार एवं देश के शहीदों का अपमान किया है, इससे पहले भी भारतीय जनता पार्टी के अनेक नेता अपनी अनर्गल बयानबाजी एवं अभद्र टिप्पणियों से नेहरू गांधी परिवार का लगातार अपमान करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं एवं पदाधिकारियों ने सदैव अपने शर्मनाक कामों एवं बयानों से देश के शहीदों की छवि को धूमिल करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के इस प्रकार के बयानों से भाजपा की विपक्षी दल के नेताओं तथा शहीदों के प्रति घृणित मानसिकता उजागर होती है तथा उनके मानसिक दिवालियेपन को दर्शाती हैं। उन्होंने गणेश जोशी से अपनी टिप्पणी के लिए कंाग्रेस पार्टी एवं देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि गणेश जोशी को मंत्री पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है तथा वे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उम्मीद करते हैं कि वे अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों की भाषा पर लगाम लगाएं तथा गणेश जोशी को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!