देहरादून। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने हरिद्वार में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा से मुलाकात कर गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न सड़क मार्गों को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने विशेष रूप से लंबे समय से लंबित कोटद्वार-नजीबाबाद मार्ग के निर्माण कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया। मंत्री ने उपस्थित अधिकारियों को इस मार्ग के निर्माण कार्य को शीघ्र गति देने के निर्देश दिए।
सांसद बलूनी के आग्रह पर मंत्री अजय टम्टा ने नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग एवं गुमखाल-सतपुली मार्ग के शीघ्र निर्माण के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। आगामी मॉनसून के दृष्टिगत सांसद बलूनी ने विशेष रूप से मंत्री से आग्रह किया कि जो सड़क मार्ग लैंडस्लाइड जोन में आते हैं, उनकी तत्काल जांच कर जहां भी मरम्मत एवं सुरक्षा कार्यों की आवश्यकता हो, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए। मंत्री ने सभी अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में समय रहते आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।