यात्रा के बाद खाली बैठी पुलिस को मिला नया काम – 9 पहाड़ी जिलों में एक थाना एक गांव को लेगा गोद – डीजीपी अशोक कुमार

Share Now

उत्तरकाशी। पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार उत्तरकाशी दौरे पर पहुंचे। जहां उन्होंने उत्तरकाशी पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों और जवानों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सोमवार से प्रदेश के सभी 9 पर्वतीय जिलों के लिए आदेश किया गया है कि इन सभी जिलों में प्रत्येक थाने के अंतर्गत एक गांव को गोद लिया जाएगा। जिससे कि पुलिसकर्मी ग्रामीणों और प्रशासन सहित अन्य विभागों के बीच एक सेतु का काम करेंगे। डीजीपी अशोक कुमार ने कहा कि पर्वतीय जिलों में यात्राकाल के बाद पुलिस के पास समय रहता है। साथ ही इस पहल से ग्रामीणों और पुलिस के बीच भी एक अच्छा समन्वय भी बनेगा। इसके साथ ही इस पहल से ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के साथ गांव के विकास में भी सहयोग मिलेगा। साथ ही पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने पुलिस जवानों की समस्याओं को भी सुना। इस दौरान उन्होंने उनके लिए चलाई जा रही योजनाओं की भी जानकारी दी। डीजीपी अशोक कुमार ने कहा कि आम व्यक्ति के साथ पुलिस की मित्रता की मिशाल होनी चाहिए। बदमाशों के मन में पुलिस का डर होना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए अच्छे बैरक का निर्माण भी किया जा रहा है। जिससे पुलिसकर्मियों को सभी अच्छी सुविधाएं मिल सकें। पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने बताया कि प्रदेश में 9 हजार फीट की अधिक ऊंचाई पर ड्यूटी दे रहे जवानों को बीते साल से रु.200 से अधिक भत्ता दिया जा रहा है। वहीं, अब पुलिस प्रशासन प्रयास कर रहा है कि 7,000 फीट से 9,000 हजार फीट के बीच ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों को भी अतिरिक्त भत्ता दिया जाये। जिससे कि उन्हें भी अपनी ड्यूटी के लिए प्रोत्साहन मिल सके। साथ ही उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि उत्तराखंड पुलिस को यूरोप पुलिस की तरह स्मार्ट बनाया जाये। डीजीपी अशोक कुमार सोमवार से गढ़वाल मंडल के दौरे पर हैं। दौरे के पहले दिन वो सीमांत जनपद उत्तरकाशी और टिहरी में हैं। मंगलवार को वे चमोली और रुद्रप्रयाग के दौरे पर रहेंगे। बुधवार को उनका कार्यक्रम श्रीनगर में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!