देहरादून,। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद के मामले में जांच कर रही पुलिस टीम ने गिरधारी लाल साहू के खिलाफ गैर जमानती वारंट हासिल कर लिया है। ऐसे में उन पर गिरफ्तारी का कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी लगातार साक्ष्य जुटाने में लगी है। जांच के दौरान मिले अहम साक्ष्यों को आरोपित के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी है।
बताया जा रहा है कि गिरधारी लाल साहू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें रवाना की गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही उनकी गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि जल्द से जल्द आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाए। गैर जमानती वारंट जारी होने और एसआईटी को मिले नए साक्ष्यों के बाद इस मामले में गिरधारी लाल साहू की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।
एसआईटी टीम को लीड कर रहीं जया बलूनी ने बताया है कि गिरधारी लाल साहू को तीन नोटिस जारी किये गए थे। लेकिन गिरधारी लाल साहू देहरादून पुलिस के समक्ष बयान देने नहीं पहुंचे हैं। जिसके बाद गैर जमानती वारंट जारी किया गया है। साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग -अलग टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही गिरधारी लाल साहू की गिरफ्तारी की जाएगी।

