राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने की एक ट्रक आॅक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था

Share Now

देहरादून। उत्तराखंड में दिन पर दिन कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए राज्य सरकार लगातार व्यवस्थाओं को मुकम्मल करने में जुटी हुई है। वहीं समय-समय पर राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी भी राज्य की जनता के लिए बड़े कदम उठाते रहे हैं। इसी क्रम में राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने अपने निजी संबंधों और मित्रों के सहयोग से एक ट्रक ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था की है। शनिवार को ऑक्सीजन सिलेंडर से लदा ट्रक देहरादून पहुंच गया है। ट्रक में भरे ऑक्सीजन सिलेंडर देहरादून जिला प्रशासन को हैंडओवर कर दिये गये हैं। अब सिलेंडर मांग के आधार पर वितरित किये जाएंगे। बता दें कि, बीते दिन अनिल बलूनी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि बीते दिनों उनकी मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से कोरोना के विषय पर चर्चा हुई थी। मुख्यमंत्री ने मरीजों की संख्या के अनुपात में ऑक्सीजन सिलेंडरों की भारी आवश्यकता बताई थी। मुख्यमंत्री ने इस बात का भी जिक्र किया था कि ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध होने पर उन्हें निरंतर रिफिल करके अधिकतम रोगियों की सेवा की जा सकती है।
इसे देखते हुए उन्होंने अपने निजी संबंधों और मित्रों के सहयोग से एक ट्रक ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था की है। ट्रक बुधवार को कच्छ, गुजरात से चल चुका था, जो शनिवार सुबह तक देहरादून पहुंच गया है। ट्रक में ऑक्सीजन सिलेंडर देहरादून पहुंचने के बाद राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि उन्होंने शुभचिंतकों और साथियों द्वारा ऑक्सीजन सिलेंडरों का सहयोग उत्तराखंड के लिए किया है। अब राज्य सरकार द्वारा मांग के आधार पर इनका वितरण किया जायेगा। इस समय बहुमूल्य जीवन बचाने के लिए इन सिलेंडरों का खासा उपयोग है। ऑक्सीजन सिलेंडरों की मांग को देखते हुए उनका प्रयास है कि वो और भी सिलेंडरों की व्यवस्था करें। इसके लिए उनका प्रयास जारी है। सिलेंडर निर्माण करने वाली कंपनियां दिन-रात काम करके डिमांड पूरी करने का प्रयास कर रही हैं। अपेक्षा है कि शीघ्र ही अतिरिक्त सिलेंडरों की व्यवस्था हो जाएगी। इस समय सिलेंडर संजीवनी का काम कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!