दून को बर्बाद कर रहा स्मार्ट सिटी का कामः धस्माना

Share Now

देहरादून। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने स्मार्ट सिटी के नाम पर शहर को बर्बाद करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि परेड ग्राउंड शहर के वाटर रिचार्ज का सबसे बड़ा सोर्स था। इसे कंक्रीट का जंगल बना दिया गया है। सड़कों की बुरी हालत है। उन्होंने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के नाम पर सरकार पर घोटाले का आरोप लगाया।राजपुर रोड स्थित प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए धस्माना ने कहा कि परेड ग्राउंड देश नामचीन नेताओं की रैली का गवाह रहा है। दशहरा मेला, खेल, बड़े मेले, प्रदर्शनी से परेड ग्राउंड की पहचान थी, लेकिन अब इसे जकड़ लिया गया है। यह जगह शहर के पर्यावरण के लिहाज से महत्वपूर्ण थी, लेकिन इसे तहस-नहस कर दिया गया। स्मार्ट सिटी के नाम पर सीवर सिस्टम फेल है। ड्रेनेज सिस्टम का बुरा हाल है। खुद भाजपा के विधायक ही अफसरों को विकास भवन के सामने स्मार्ट सिटी की हकीकत दिखाने ले गए थे। उन्होंने एमडीडीए के बजट से बन रही सड़कों पर भी सवाल उठाए। आरोप लगाया कि एक ही सड़क को कई विभाग बना रहे हैं। करोड़ों का बजट घपला करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कैंट क्षेत्र में कैनाल रोड उखड़ी पड़ी है। छोटी बिंदाल की समस्या को लेकर सिंचाई विभाग ने जो प्रस्ताव तैयार किया है। उसे सत्ताधारी पार्टी के नेता पास नहीं होने दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर समस्याएं हल नहीं हुई तो कांग्रेस आंदोलन करेगी। उन्होंने छोटी बिंदाल के मुद्दे पर शनिवार से सिंचाई विभाग के अफसरों के घेराव की चेतावनी दी।

error: Content is protected !!