देहरादून। उत्तराखंड में बीते 24 घंटे में 427 नए संक्रमित मिले हैं, जबकि सात मरीजों की मौत हुई है। देहरादून और नैनीताल जिले में रोजाना सबसे ज्यादा संक्रमित सामने आ रहे हैं। कुल संक्रमितों की संख्या 89645 हो गई है। वहीं, 5625 सक्रिय मरीजों का उपचार चल रहा है। वहीं, कोरोना संक्रमित मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार 11306 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, देहरादून जिले में सबसे अधिक 172 और नैनीताल में 106 संक्रमित मिले हैं। हरिद्वार में 34, ऊधमसिंह नगर में 25, पिथौरागढ़ में सात, रुद्रप्रयाग में चार, अल्मोड़ा में एक, चमोली में पांच, पौड़ी में 11, टिहरी में 24, उत्तरकाशी में 27 ,बागेश्वर में चार और चंपावत में सात संक्रमित मिले हैं। प्रदेश में अब तक 1483 संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है। आज 229 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। इन्हें मिला कर 81383 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं।
————————————————
भर्ती होने आए तीन युवक कोरोना पॉजिटिव
हल्द्वानी। कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र की सोमवार से होने वाली यूनिट हेडक्वार्टर कोटा भर्ती रैली की तैयारियां पूरी हो गईं हैं। सेना ने भर्ती में शामिल होने वाले युवकों के लिए कोरोना टेस्ट अनिवार्य किया है। यहां बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं के राजकीय अस्पताल में टेस्ट हो रहे हैं। इनमें तीन युवकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से हड़कंप मचा है। पहले दिन पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर जिले के सैन्य आश्रितों की भर्ती होगी।
अस्पताल के अधीक्षक डॉ. केके पांडेय ने बताया कि पांच सौ से अधिक युवकों की जांच हो गई है। शनिवार को एक और रविवार को दो युवकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दो युवक निजी वाहनों से अपने घर लौट गए हैं, जबकि एक संक्रमित को यहीं आइसोलेट किया गया है। 31 दिसंबर तक चलने वाली इस भर्ती रैली में प्रत्येक दिन अस्पताल में कोरोना टेस्ट होंगे। भर्ती तड़के यहां सेना के सोमनाथ मैदान में शुरू हो जाएगी। प्रशासन ने युवकों के रहने के लिए छावनी परिषद इंटर कॉलेज और रंगोली बरात घर का चयन किया है। दुर्गा पूजा महोत्सव समिति के अध्यक्ष अजय बबली ने बताया कि कैंट और प्रशासन के सहयोग से वह दो स्थानों पर अलाव की व्यवस्था करेंगे।
