लक्सर। कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष राजेश रस्तोगी के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने रुड़की-लक्सर मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने रुड़की तिराहे पर सरकार का पूतला फूंका और जमकर नारेबाजी भी की। इस दौरान रस्तोगी ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि रुड़की-लक्सर मार्ग की मरम्मत का काम जनवरी में पहले शुरू नहीं हुआ तो वे 31 जनवरी को आत्मदाह करेंगे।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बीजेपी सरकार की शव यात्रा भी निकाली। सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रस्तोगी ने कहा कि पिछले चार-पांच सालों से रुड़की-लक्सर मार्ग बदहाल पड़ा हुआ है। इस 22 किलोमीटर लंबे मार्ग की दशा शब्दों में बया नहीं की जा सकती। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो रखे हैं। 22 किमी के सफर को पूरा करने में दो से तीन घंटे तक लग जाते हैं। गड्ढों की वजह से सड़क पर आए दिन हादसे होते रहते हैं, लोग अपनी जान जोखिम में डाल कर इस रास्ते पर सफर करते हैं। प्रदेश अध्यक्ष रस्तोगी के मुताबिक, अभी इस रोड पर करीब 167 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। जबकि, सैंकड़ों लोग घायल हो चुके हैं। मुख्यमंत्री को पहाड़ की सड़कों अलावा कुछ दिखाता ही नहीं है। स्थानीय सांसद और विधायक ने भी इस सड़क पर कोई ध्यान नहीं दिया है। ऐसे में अगर इस सड़क की मरम्मत का कार्य जल्द ही नहीं किया गया तो वह आत्मदाह को मजबूर होंगे।

