गहरी खाई में गिरी टाटा सूमो, 3 लोगों की मौत, 14 घायल

Share Now

टिहरी। रविवार सुबह जनपद के गजा तहसील में एक टाटा सूमो वाहन गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। जबकि, 11 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों के शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया है। जबकि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टिहरी पुलिस के अनुसार टिहरी के गजा तहसील के डुवाकोटी के पास यह हादसा हुआ है। जहां एक टाटा सूमो अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि यह वाहन गजा से चंबा जा रहा था। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। जबकि, 14 लोग घायल हो गए। जिन्हें खाई से रेस्क्यू कर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गजा में भर्ती कराया गया। वाहन में 17 लोग सवार थे। गजा के तहसीलदार विनोद प्रसाद तिवारी ने बताया कि इस दुर्घटना में धर्मवीर असवाल (46) पुत्र कर्म सिंह निवासी ग्राम कठूड, रीतिका (20) निवासी ग्राम अमसारीगांव पुत्री दीपा सिंह की मौके पर मौत हो गई। जबकि घायल जगवीर सिंह (42) पुत्र रतन सिंह निवासी थंयूल ने नरेंद्रनगर अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, दुर्घटना का कारण चालक की लापरवाही बताया जा रहा है। टाटा सुमो में नियमानुसार 10 सवारियां बैठाई जा सकती हैं, लेकिन इसमें चालक समेत 17 लोग बैठे थे। तहसीलदार तिवारी ने बताया कि पूछताछ में लोगों ने दुर्घटना का कारण वाहन की तेज रफ्तार बताया है। मृतकों की पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।

error: Content is protected !!