टिहरी: मैक्स खाई में गिरी, 6 लोगों की मौत, 4 घायल

Share Now


टिहरी। टिहरी में थौलधार ब्लाॅक में ज्वारना-बंगियाल मोटर मार्ग पर देवीधार के पास एक मैक्स खाई में जा गिरी। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हैं। मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं।

गिरीश गैरोला

मौके पर पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी घायलों और शवों को खाई से बाहर निकाला। ये लोग मैक्स संख्या यूए-07-2256 से चंबा-टिहरी मार्ग से होते हुए भमोरिखाल में चूड़ाकर्म संस्कार के बाद अपने गांव की तरफ जा रहे थे। इस दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। यह हादसा शुक्रवार को अपरान्ह सवा तीन बजे के करीब हुआ। भमोरीखाल से तिखोन की ओर आ रहा रहा मैक्स वाहन ज्वारना-बंगियाली रोड पर देवीधार तोक के पास अचानक अनियंत्रित हो गया और करीब पांच सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि वाहन में कुल दस लोग सवार थे और सभी चूड़ाकर्म संस्कार से लौट रहे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही एसएएसपी टिहरी डा. योगेंद्र सिंह रावत मय फोर्स घटनास्थल पर पहुंचे। राजस्व पुलिस और पुलिस ने घायलों और शवों को खाई से निकाला। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खड़ी ढलान होने के कारण पुलिस को रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मृतकों में फूलचंद (42 वर्ष) पुत्र सब्बल सिंह, निवासी नेरी गांव, गुड्डी देवी (36 वर्ष) पत्नी रेमश सिंह निवासी बरनू गांव, पार्वती देवी पत्नी कंसर सिंह निवासी बरनू गांव,नत्थे सिंह (60 वर्ष) पुत्र दयालु निवासी तिखोन गांव, क्वांरा देवी (65 वर्ष) पत्नी इंद्र सिंह निवासी तिखोन गांव और वीर सिंह (60 वर्ष) पुत्र मंगल सिंह निवासी डांग गांव शामिल हैं। घायलों में सूरज सिंह (65 वर्ष) पुत्र धूम सिंह, राजेंद्र सिंह (45 वर्ष) पुत्र प्रेम सिंह, लक्ष्मी देवी (50 वर्ष) पत्नी नरेंद्र सिंह व दर्शनी देवी (50 वर्ष) पत्नी गोविंद सिंह सभी निवासी तिखोन गांव शामिल हैं। 

error: Content is protected !!