देहरादून। समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कहा कि भाजपा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान, अधिकार और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के कल्याण के लिए शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, आवास, छात्रवृत्ति और सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति में वृद्धि, विवाह सहायता के तहत एससी-एसटी परिवारों की अधिकतम दो बेटियों को 50 हजार रुपये की सहायता और विद्यार्थियों के लिए तीन नए छात्रावासों का निर्माण सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाता है। खजान दास ने बताया कि पेशेवर पाठ्यक्रमों के छात्रावासों में रहने वाले अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को सालाना 13,500 रुपये तथा गैर-डिग्री पाठ्यक्रमों के गैर-छात्रावासी विद्यार्थियों को 2,500 रुपये की छात्रवृत्ति दी जा रही है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक अभाव किसी भी विद्यार्थी की शिक्षा में बाधा न बने।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए प्रदेश में चार एकलव्य आवासीय विद्यालय संचालित हैं, जबकि दो निर्माणाधीन और एक प्रस्तावित है। जनजातीय गौरव, संस्कृति और विरासत को सम्मान देने के लिए 12 राज्यों की सहभागिता से जनजाति महोत्सव आयोजित किया गया। दो विभूतियों को आदि गौरव सम्मान दिया गया तथा जनजातीय अध्ययन के लिए शोध कोष स्थापित करने और प्रतिवर्ष महोत्सव आयोजित करने का संकल्प लिया गया।
समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि जौनसार-बावर क्षेत्र में 39 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे किए गए हैं। 229 करोड़ रुपये की पेयजल योजना पर काम किया जा रहा है। चकराता की 56 स्वीकृत परियोजनाओं में से 51 पूरी हो चुकी हैं। जनजातीय समाज की परंपराओं और प्रथागत अधिकारों का सम्मान करते हुए उन्हें समान नागरिक संहिता अधिनियम-2024 के दायरे से बाहर रखा गया है।
उन्होंने बताया कि पीएम-जनमन योजना के तहत बुक्सा और राजी जनजाति के 13,573 परिवार चिह्नित किए गए हैं। आजीविका से जुड़े निर्धारित लक्ष्य पूरे किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री जनजातीय विकास मिशन के अंतर्गत 12 वन धन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय समाज की आजीविका को मजबूती दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की भाषा, संस्कृति और आस्था के संरक्षण के लिए विद्यालयों में जौनसारी भाषा की पढ़ाई, गदरपुर में राजा जगत देव की प्रतिमा स्थापना तथा बुक्सा एवं राजी जनजाति विकास योजना के तहत आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल प्रशिक्षण और आजीविका से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। खजान दास ने बताया कि अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को भी शिक्षा के क्षेत्र में सहायता दी जा रही है। वर्ष 2023-24 में 4,739 विद्यार्थियों को 5.69 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। पीएम यशस्वी योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को पेशेवर डिग्री एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए सालाना 20 हजार रुपये तथा अन्य पात्र पेशेवर पाठ्यक्रमों के लिए 13 हजार रुपये की सहायता निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में एससी, एसटी और ओबीसी उद्यमियों के लिए परियोजना लागत में स्वयं की हिस्सेदारी केवल पांच प्रतिशत रखी गई है। छोटे खाद्य प्रसंस्करण कारोबार शुरू करने या उनका विस्तार करने के लिए ओबीसी वर्ग के 101 लाभार्थियों के ऋण भी स्वीकृत किए गए हैं।
समाज कल्याण मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक सत्ता में रहते हुए वंचित वर्गों के उत्थान की बातें कीं, लेकिन भाजपा सरकार योजनाओं को धरातल पर उतारकर लोगों के जीवन में बदलाव ला रही है। सामाजिक न्याय केवल नारे लगाने से नहीं, बल्कि शिक्षा के अवसर, आर्थिक सहायता, रोजगार और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने से मिलता है। भाजपा सरकार इसी संकल्प के साथ विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ा रही है।

