महिलाओं सम्मान पर प्रहार वाली कांग्रेस को मातृशक्ति देगी करारा जवाबः दीप्ति रावत

Share Now

देहरादून। भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस सोशल मीडिया एकाउंट से महिलाओं पर किए अभद्र एवं आपत्तिजनक कंटेंट को देवभूमि की मातृशक्ति का अपमान बताया है। उन्होंने चेताया कि केवल सोशल मीडिया से कंटेंट हटाने से जनता कांग्रेस को माफ नहीं करेगी। साथ ही इस अपराध के लिए कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व से तत्काल सार्वजनिक माफी मांगने तथा भविष्य में महिला सम्मान और गरिमा के विरुद्ध ऐसी भाषा का प्रयोग न करने के संकल्प लेने की मांग की है।
पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय सेविका समिति की महिलाओं के प्रति कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से की गई अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में आज भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। जिसे संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कांग्रेस द्वारा महिलाओं के प्रति बार-बार प्रदर्शित की जा रही अमर्यादित भाषा और अपमानजनक व्यवहार के विभिन्न उदाहरणों को सामने रखते हुए कहा कि यह केवल राष्ट्रीय सेविका समिति की महिलाओं का अपमान नहीं, बल्कि देश और प्रदेश की समस्त मातृशक्ति के सम्मान पर सीधा हमला है।
दीप्ति रावत ने कहा कि राष्ट्रीय सेविका समिति की महिलाएं राष्ट्रसेवा, सामाजिक समरसता, संस्कार और महिला जागरण के लिए अपना जीवन समर्पित कर रही हैं। ऐसी समर्पित महिलाओं के प्रति कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल से की गई अभद्र टिप्पणी कांग्रेस की वैचारिक दरिद्रता और महिलाओं के प्रति उसके वास्तविक दृष्टिकोण को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि जो संगठन महिलाओं के सम्मान और सशक्तीकरण की बात करता है, उसके आधिकारिक मंच से महिलाओं के लिए इस प्रकार की भाषा का प्रयोग अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का महिला सम्मान का दावा केवल राजनीतिक दिखावा बनकर रह गया है। एक ओर कांग्रेस मंचों से महिला सशक्तीकरण के नारे देती है, वहीं दूसरी ओर उसके नेताओं और आधिकारिक सोशल मीडिया मंचों से महिलाओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणियां सामने आती हैं। यह दोहरा चरित्र अब देश की जनता के सामने पूरी तरह उजागर हो चुका है। महिलाओं के सम्मान को राजनीतिक विचारधारा और संगठनात्मक मतभेदों से ऊपर रखा जाना चाहिए।
दीप्ति रावत ने कहा कि कांग्रेस को यह समझना होगा कि महिलाओं का सम्मान किसी राजनीतिक दल की कृपा पर निर्भर नहीं है। भारत की नारी शक्ति अपने आत्मसम्मान, विचारों और कार्यों के आधार पर समाज में अपनी पहचान स्थापित कर रही है। राष्ट्रीय सेविका समिति की बहनें दशकों से राष्ट्र निर्माण और सामाजिक चेतना के कार्यों में जुटी हैं। उनके प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना कांग्रेस की उस मानसिकता को दर्शाता है, जो वैचारिक विरोध के सामने मर्यादा और शालीनता तक भूल जाती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को महिलाओं के सम्मान की बात करने से पहले अपने आचरण और अपनी भाषा पर आत्ममंथन करना चाहिए। महिलाओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करना न तो राजनीतिक विरोध का उचित तरीका है और न ही लोकतांत्रिक संवाद की मर्यादा। यदि कांग्रेस वास्तव में महिला सम्मान के प्रति प्रतिबद्ध है, तो उसे अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच से की गई इस टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करनी चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रुचि भट्ट ने इस पूरे घटनाक्रम पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेविका समिति की बहनों के प्रति कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल से की गई अभद्र टिप्पणी ने प्रत्येक संवेदनशील महिला के मन को आहत किया है। यह केवल कुछ महिलाओं के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग नहीं है, बल्कि उन सभी महिलाओं के संघर्ष, समर्पण और राष्ट्रसेवा का अपमान है, जो समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
रुचि भट्ट ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश की प्रत्येक महिला के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी महिला या महिला संगठन के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला मोर्चा इस प्रकार की मानसिकता के विरुद्ध अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा और महिलाओं के सम्मान से जुड़े प्रत्येक विषय पर मजबूती से खड़ा रहेगा।
उन्होंने कहा कि महिलाओं का अपमान करके कांग्रेस यह भ्रम न पाले कि वह अपनी राजनीतिक कुंठा को छिपा सकती है। देश की मातृशक्ति जागरूक है, सशक्त है और अपने सम्मान के प्रति सजग है। कांग्रेस को अपनी भाषा और मानसिकता दोनों में बदलाव लाना होगा। महिला सम्मान पर चोट करने वालों को देश की महिलाएं लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देंगी।
भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस से मांग की कि वह राष्ट्रीय सेविका समिति की महिलाओं के प्रति की गई अभद्र टिप्पणी पर तत्काल सार्वजनिक माफी मांगे तथा भविष्य में महिलाओं के सम्मान और गरिमा के विरुद्ध ऐसी भाषा का प्रयोग न करने का संकल्प ले।
उन्होंने दोहराया कि नारी सम्मान केवल एक नारा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सामाजिक मर्यादा और राष्ट्र निर्माण का आधार है। इस आधार को चोट पहुंचाने वाली किसी भी मानसिकता के विरुद्ध भाजपा की महिला कार्यकर्ता सदैव मुखर और संघर्षशील रहेंगी।
इस अवसर पर भाजपा की प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन और भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ दिव्या नेगी भी मौजूद रहीं

error: Content is protected !!