हैलीकॉप्टर टिकटों की कालाबाजारी का भंडाफोड़, रुद्रप्रयाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई – दो गिरफ्तार
रुद्रप्रयाग, 18 मई 2025:
चारधाम यात्रा के पावन समय में जहां श्रद्धालु केदारनाथ धाम की यात्रा को लेकर भावनात्मक और धार्मिक जुड़ाव से सराबोर हैं, वहीं कुछ शातिर लोग आस्था के इस पर्व पर कालिख पोतने से बाज नहीं आ रहे।
हैलीकॉप्टर टिकटों की ब्लैकमार्केटिंग से जुड़ी शिकायतों पर रुद्रप्रयाग पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। गुप्तकाशी थाना क्षेत्र में फर्जी टिकट और फर्जी आधार कार्ड के जरिए यात्रियों को ठगने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

रुद्रप्रयाग पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रल्हाद कोंडे के निर्देश पर जिलेभर में हेलीकॉप्टर टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भोपाल निवासी हिमांशु राय अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने और उनकी पत्नी ने केदारनाथ यात्रा के लिए दो हेलीकॉप्टर टिकट 50,000 रुपये में खरीदे थे। यह टिकट एक जानकार के माध्यम से श्रीनगर गढ़वाल के कुछ लोगों ने उन्हें उपलब्ध कराए।
हैरानी की बात ये रही कि टिकटों पर फर्जी आधार कार्ड थे, जिन पर उनकी तस्वीर लगाकर उन्हें यात्रा के लिए कहा गया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल एफआईआर संख्या 19/2025 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(2), 336(3), 338, 340(2) के तहत अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम:
- वासुदेव कालरा, पुत्र स्व. प्रहलाद राम कालरा, निवासी कंस मर्दानी मार्ग, श्रीनगर गढ़वाल
- अमित नौटियाल, पुत्र हर्षवर्धन नौटियाल, निवासी वेटनरी हॉस्पिटल के पास, श्रीकोट गंगनाली, पौड़ी गढ़वाल
जांच और गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम:
- निरीक्षक राकेश कुमार
- उपनिरीक्षक हर्षमोहन
- आरक्षी राकेश, रविन्द्र और दीपक
पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है और हेलीकॉप्टर टिकटों की कालाबाजारी से जुड़े अन्य मामलों की भी गहनता से जांच की जा रही है।
मेरु रैबार की अपील:
यात्रियों से अनुरोध है कि किसी भी टिकट या यात्रा से जुड़ी सेवाओं को केवल सरकारी या प्रमाणित पोर्टल से ही बुक करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
रिपोर्ट: मेरु रैबार न्यूज टीम, रुद्रप्रयाग
