व्यापारिक संगठन बने राजनीतिक पार्टियों के एजेंट- एक और संगठन बनाकर बोले संजीव चौधरी

Share Now

प्रदेश व्यापार मंडल अध्यक्ष ने लगाये सरकार पर गंभीर आरोप

रुद्रपुर ऊधमसिंहनगर

रुद्रपुर पहुचे प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष संजीव चौधरी ने प्रेस वार्ता कर आरोप लगाये की उत्तराखंड में कार्यरत व्यापार मंडल अपनी प्रासंगिकता खो चुके हैं और इन संगठनों के पदाधिकारी राजनीतिक पार्टियों के एजेंट बनकर काम कर रहे हैं। इन्हें व्यापारियों के हित से कोई सरोकार नहीं है। कोरोना काल में सबसे अधिक नुक्सान झेलने वाले व्यापारियों के लिए सरकार ने कोई राहत को घोषणा न कर दर्शाया है कि व्यापारी उनके लिए मात्र चंदा उगाहने का साधन हैं। संजीव चौधरी ने कहा कि सूबे के दो सबसे बड़े व्यापारिक संगठन, उद्योग व्यापार मंडल व देवभूमि व्यापार मंडल, के पदाधिकारियों ने व्यापारियों को छलने का कार्य किया है। कोविड काल में लॉकडाउन लगने से सूबे के व्यापारियों की कमर टूट गयी। देवभूमि में पर्यटन बंद होने से व्यवसायियों को खाने तक के लाले पड़ गये मगर व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने सरकार से कोई राहत इन व्यापारियों को नहीं दिलवाई। यह नेता मात्र अपने हितों को साधने के लिए लम्बे समय से इन संगठनों पर कब्जा किये बैठे हैं और राजनीतिक दलों के हाथों की कठपुतली बने हुए हैं। चौधरी ने कहा कि इसी तुच्छ राजनीति से त्रस्त होकर उन्होंने 6 वर्ष पूर्व प्रदेश व्यापार मंडल की स्थापना की और आज इसके प्रचार-प्रसार और विस्तार के लिए बीते तीन महीने से पूरे प्रदेश की यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उधम सिंह नगर में भी कई व्यापारी उनके संपर्क में हैं जो व्यापारी हितों के लिए उनसे जुड़ना चाहते हैं।

संजीव चौधरी — प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश व्यापार मंडल

error: Content is protected !!