ट्रक खाई में गिरा, चालक की मौत

Share Now

देहरादून। सोमवार तड़के एक ट्रक के गहरी खाई में गिर जाने से चालक की मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम द्वारा मौके पर पहुंच कर चालक शव बाहर निकालकर स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया। मृतक उत्तरकाशी में नमकीन सप्लाई के लिए गया था जिसका ट्रक वापसी में दुर्घटना का शिकार हो गया।
जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह थाना कालसी द्वारा एसडीआरएफ टीम को सूचित किया गया कि एक ट्रक खाई में गिर गया है, जिसमे रेस्क्यू हेतु टीम की आवश्यकता है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए हुए एसडीआरएफ टीम मय उपकरणों के मौके पर रवाना हुई। टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुँचकर देखा गया कि वाहन मुख्य मार्ग से लगभग 200 मीटर नीचे खाई में गिरा हुआ है। जिस पर टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुये तत्काल खाई में गिरे वाहन तक पहुँच बनायी, बताया जा रहा है कि उक्त वाहन में एक ही व्यक्ति सवार था जिसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। जिस पर टीम द्वारा कड़ी मशक्कत कर वैकल्पिक मार्ग से होते हुये शव को खाई से बाहर निकालकर मुख्य मार्ग तक पहुँचाया व जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया। पुलिस के अनुसार मृतक का नाम मीन बहादुर (42) पुत्र तेग बहादुर निवासी ज्वालापुर हरिद्वार है जो जिला उत्तरकाशी में नमकीन की सप्लाई के लिए गया था व वापसी के दौरान जुडो लोहारी डैम के पास उसका वाहन अनियंत्रित होकर अचानक खाई में जा गिरा। बहरहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!