सैनिक कल्याण परिषद एवं विजय दिवस की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला सभागार में जिलाधिकारी अभिषेक रुहेला की अध्यक्षता में बैठक हुई। कार्यक्रम को भव्य रूप से मनाए जाने को लेकर रूपरेखा तय की गई।जिलाधिकारी ने विजय दिवस की तैयारी समय रहते पूर्ण करने के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिए।

विजय दिवस आगामी 16 दिसम्बर प्रातः 11 बजे शहीद पार्क ज्ञानसू में मनाया जाएगा। जिसके अन्तर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रातः 8 बजे विभिन्न विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के छात्र छात्राओं के द्वारा नगर क्षेत्र में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। जिसकी जिम्मेदारी मुख्य शिक्षा अधिकारी को सौंपी गई। उसके उपरांत क्रॉस कंट्री दौड़ खेल विभाग द्वारा आयोजित कराई जाएगी। क्रॉस कंट्री दौड़ एवं प्रभात फेरी के दौरान यातयात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश पुलिस को दिए गए। शहीद पार्क ज्ञानसू में आयोजित कार्यक्रम में आईटीबीपी,पुलिस,एनसीसी कैडेट द्वारा शहीद सुंदर सिंह को श्रदांजलि एवं गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने शहीद पार्क की सफाई व्यवस्था एवं प्रभात फेरी में बच्चों को मिष्ठान वितरण की जिम्मेदारी नगर पालिका को सौंपी। इस दौरान पूर्व सैनिक एवं आश्रितों द्वारा उठाये गए बिंदु एवं सुझाव पर चर्चा की गई। उन्होंने ऑनलाइन पोर्टल पर पेंशन प्रकरण में जीवित प्रमाण पत्र को लेकर आ रही समस्याओं के बारे में अवगत कराया। जिस पर जिलाधिकारी ने जिला लीड बैंक अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि पूर्व सैनिकों की समस्या का समाधान यथा समय सुनिश्चित करें। साथ ही ऑनलाइन पोर्टल की जानकारी आज ही पूर्व सैनिकों के ब्लाक कॉर्डिनेटर को दी जाय। ताकि ऑनलाइन प्रक्रियाओं में आ रही समस्याओं का समाधान हो सके।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सेमवाल, मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार, सीओ प्रशांत कुमार,जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सुबोध शुक्ला,महाप्रबंधक उद्योग शैली डबराल,जिला पूर्ति अधिकारी संतोष भट्ट, जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र शर्मा,जिला क्रीड़ा अधिकारी निधि विन्जोला, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर जोशी सहित समिति के पदाधिकारी एवं समाजसेवी प्रताप बिष्ट संघर्ष सहित पूर्व सैनिक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
