रुद्रप्रयाग।
श्री केदारनाथ यात्रा के सुचारु संचालन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग द्वारा यातायात निरीक्षक समेत सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा के दौरान क्षेत्र में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
इसी क्रम में दिनांक 14 मई 2025 को यातायात निरीक्षक श्याम लाल के नेतृत्व में यातायात पुलिस रुद्रप्रयाग द्वारा कोतवाली सोनप्रयाग क्षेत्रान्तर्गत त्रिजुगीनारायण मोटर मार्ग पर विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत सड़क किनारे अनावश्यक रूप से खड़े, बेतरतीब वाहनों और नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को क्रेन की सहायता से टो कर कोतवाली परिसर लाया गया। इसके साथ ही सड़क को पूरी तरह से खाली कर यातायात को सामान्य और सुरक्षित बनाया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई केवल एक दिन की नहीं है, बल्कि यात्रा अवधि के दौरान ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे। प्रशासन का उद्देश्य स्पष्ट है — किसी भी तरह की लापरवाही से बचते हुए यात्रियों को निर्बाध और सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराना।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने आमजनमानस और यात्रा में सम्मिलित होने वाले सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। सभी के सहयोग से ही केदारनाथ यात्रा को सफल और सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सकता है।
(Meru Raibar संवाददाता)
