मॉकड्रिल देखने गया युवक कोसी नदी में बहा, एसडीआरएफ ने किया शव बरामद

Share Now

अल्मोड़ा। गुरूवार को बेतालघाट ब्लॉक के शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग पर काली पहाड़ी के समीप किए जा रहे मॉकड्रिल को देखने रवाना हुआ। कोसी नदी पार के सिमलखा गांव निवासी युवक नदी को पार करते समय असंतुलित होकर नदी के तेज बहाव में बह गया। एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान चला युवक के शव को बामुश्किल बाहर निकाला।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को काली पहाड़ी के समीप पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ समेत तमाम विभागों के अधिकारी मॉकड्रिल में जुटे थे। राहत व बचाव कार्यों में घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के लिए टेंट लगाकर राहत केंद्र भी स्थापित किया गया था। इसी बीच कोसी नदी पार के सिमलखा गांव निवासी विशाल सिंह (17) पुत्र आनंद सिंह गांव से मॉक ड्रिल को देखने के लिए रवाना हो गया।कोसी नदी पार करते समय वह संतुलन खो बैठा नतीजतन कोसी नदी के तेज बहाव में बहता चला गया।हो हल्ला होने व युवक को बहता देख एसडीआरएफ के जवान युवक को बचाने दौड़े। तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरु किया गया।
 करीब आठ सौ मीटर नीचे की ओर युवक को बामुश्किल बाहर निकाला गया। जिसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी भिजवाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

error: Content is protected !!