रूड़की के रामपुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक बुजुर्ग को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। वहीं गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ इकठ्ठा हो गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई जिसके बाद घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल की हालत गंभीर देखकर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं पुलिस टीम बदमाशों की धरपकड़ के लिए चेकिंग अभियान चला रही है।
आपको बता दें कि रुड़की के रामपुर निवासी 70 वर्षीय इरफान मस्जिद से नमाज पढ़कर अपने घर लौट रहे थे तभी पहले से ही घात लगाए बाइक सवार दो बदमाशों ने बुजुर्ग पर फायर झोंक दिया। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर इकठ्ठा हो गई और सूचना पुलिस की दी गई। सूचना पाकर कोतवाली गंगनहर व सिविल लाइन कोतवाली पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गए जिसके बाद घायल बुजुर्ग को ग्रामीणों व परिजनों ने उपचार के लिए रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया जहां प्राथमिक उपचार के बाद बुजुर्ग को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मौके पर पहुंचे एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक बुजुर्ग को गोली मारने की घटना को अंजाम दिया है। तमाम पहलुओं पर जांच की जा रही है। बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है।
– स्वप्नकिशोर सिंह (एसपी देहात)
