सेलाकुई में गैस माफिया का भंडाफोड़! – छापेमारी में 27 सिलेंडर, रिफिलिंग किट और इलेक्ट्रिक तराजू बरामद

Share Now

अवैध गैस कारोबार से लोगों की जान पर खतरा… प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

देहरादून, 26 जून 2025।

देहरादून के सेलाकुई बाजार में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जिला प्रशासन की टीम ने अचानक अवैध गैस रिफिलिंग के ठिकाने पर धावा बोल दिया। सिलेंडरों की कतारें, इलेक्ट्रिक तराजू और रिफिलिंग किट देखकर अफसरों के भी होश उड़ गए।

“यह कारोबार लोगों की जान से खिलवाड़ है। दोषियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा,” जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने सख्त लहजे में कहा।

छापेमारी का नेतृत्व पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली कर रहे थे। टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि संतोष पाल, पाल गैस एजेंसी के नाम पर गैरकानूनी रिफिलिंग कर रहे हैं। वहीं, दीपक पाल की दुकान पर भी भारी मात्रा में गैस सिलेंडर और उपकरण बरामद हुए।

जांच के दौरान ये मिला –

  • 14.2 किलो के 15 सिलेंडर
  • 19 किलो का 1 सिलेंडर
  • 4.2 किलो के 11 सिलेंडर
  • रिफिलिंग किट और इलेक्ट्रिक तराजू

कुल 27 सिलेंडर जब्त कर लिए गए।

सुनील देवली ने बताया – “इतनी बड़ी मात्रा में सिलेंडर देखकर हमें भी अंदाजा हुआ कि यह रैकेट कितने समय से चल रहा था। यह न सिर्फ गैरकानूनी है, बल्कि कभी भी जानलेवा विस्फोट का कारण बन सकता था।”

छापेमारी के वक्त बाजार में भारी भीड़ जमा हो गई। लोग एक-दूसरे से फुसफुसा रहे थे – “इतनी बड़ी गैस की खेप… अगर कहीं आग लग जाती तो क्या होता?”

दोनों आरोपियों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

इस कार्रवाई में राहुल बहुगुणा, रजत नेगी, विजय नैथानी, संदीप बलूनी, होशियार सिंह और जितेंद्र सिंह भी शामिल रहे।

👉 सोचने वाली बात है – मुनाफे की हवस में लोग आखिर कब तक आम जनता की जिंदगी को खतरे में डालते रहेंगे? कानून का शिकंजा अब ऐसे गैस माफियाओं पर कस चुका है।

error: Content is protected !!