उच्च शिक्षा मंत्री डॉ रावत ने किया सतपुली डिग्री कालेज के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण

Share Now

देहरादून। सूबे के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने पौड़ी जनपद भ्रमण के दूसरे दिन आज सतपुली क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने राजकीय महाविद्यालय सतपुली में आयोजित भव्य कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर डॉ. रावत ने कहा कि सतपुली क्षेत्र लंबे समय से उच्च शिक्षा के लिए स्थायी एवं सुदृढ़ आधारभूत सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहा था, जो अब पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय को अपना स्थायी भवन मिलने से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को  उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें यहीं पर गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांव और दूरस्थ क्षेत्रों तक शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसके लिये सरकार ब्लॉक स्तर पर बेहतर शिक्षण संस्थान खोल रही है।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ रावत ने अपने भ्रमण के दौरान सतपुली स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के नवनिर्माणाधीन भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं समयबद्ध पूर्णता को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

इसके उपरांत डॉ रावत ने अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के धारकोट, ताल एवं पाली-चोपड़ा जैसे सुदूरवर्ती क्षेत्रों में जनसम्पर्क कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने जनसम्पर्क के दौरान जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिये।

डॉ. रावत ने कहा कि सरकार विकास योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!