प्रधान मंत्री के आत्मनिर्भर भारत का ग्रामीण स्तर पर लोकल वोकल का कितना असर पड़ा इसके आंकड़े आने अभी बाकी है पर कोरोना को लेकर अपनी सरदर्दी हायर सेंटर रेफर करने पर अब ब्रेक लग गया है | जनपद से कोरोना पॉजिटीव मरीज हायर सेंटर रैफर न हो इस हेतु जिला चिकित्सालय में आईसीयू व वेंटीलेटर बैड की क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित ने कोविड-19 की समीक्षा बैठक लेते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय में आईसीयू व वेंटीलेटर बैड की क्षमता बढ़ाई जाय इस हेतु सीएमओ/सीएमएस को सभी तैयारियां पूर्ण करने को कहा गया है। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय में ऑक्सीजन सिलेंडर का भी पर्याप्त भंडारण के साथ ही आपूर्ति को भी बनायें रखने के निर्देश सीएमओ को दिये। उन्होंने कहा कि वार्ड में भर्ती गंभीर रोगी जिन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही हो उन्हें भी ऑक्सीजन सुविधा मिल सके इस हेतु ऑक्सीजन प्लांट का प्रस्ताव भेजने को कहा गया। ताकि पाईप लाईन के माध्यम से सभी वार्डो को ऑक्सीजन सुविधा से जोड़ा जा सके।
जिलाधिकारी ने बीते दिन नए कोरोना पॉजिटिव केस की समीक्षा करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र से नए कोरोना पॉजिटिव केस आ रहें हैं वहां कंटेंमेंट व बफर जोन घोषित कर परस्पर सभी लोगों की सेम्पलिंग करवायी जाय। ताकि कोरोना पॉजिटिव केस की बढ़ती सम्भावनाओं को कम किया जा सके। जिलाधिकारी ने पीआरडी, होमगार्ड व आशा वर्कस की हर 15 दिन के भीतर कोरोना टैस्ट (रैपिड एन्टीजन टेस्ट) करवाने के भी निर्देश दिये।
प्रमुख अधीक्षक जिला चिकित्सालय डा.एसडी सकलानी ने अवगत कराया कि वर्तमान में जिला चिकित्सालय में कोरोना के दृष्टिगत 10 आइसीयू बैड है तथा 98 बैड है। तथा 50 छोटे व 10 बड़े ऑक्सीजन सिलेंडर हैं। जो भी आक्सीजन सिलेंडर खाली हो रहें हैं उन्हें नियमित रूप से भरा भी जा रहा है। वर्तमान में 14 कंटेमेंट जोन बनाये गये हैं। सभी जोन में सेम्पलिंग करवायी गयी है। इसके अतिरिक्त जनपद से 07 कोरोना पॉजिटिव केस हायर सेंटर रैफर हुए हैं। जिसमें 4 एम्स ऋषिकेश,2 दून अस्पताल व एक जोलीग्रांट रैफर हुआ है। सभी रोगियों की हालत में सुधार हैं।
बैठक में सीएमओ डा. डीपी जोशी, अपर जिलाधिकारी तीर्थपाल सिंह,उप जिलाधिकारी देवेन्द्र सिंह नेगी, आकाश जोशी ,सीवीओ डा.प्रलंयकरनाथ, डा.सुजाता सिंह,जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी देवेन्द्र पटवाल, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सर्वेश कुमार मौजूद थे।
