लखीमपुर खीरी
-पवन दीक्षित
उप्र सरकार में जलशक्ति मंत्री डॉ महेंद्र सिंह पहुंचे खीरी, बाढ़ग्रस्त क्षेत्र का किया हवाई सर्वेक्षण
जनशक्ति मंत्री ने अफसरों व जनप्रतिनिधियों संग की बैठक, राहत व बचाव कार्यो की जानकारी, दिए निर्देश
लखीमपुर खीरी शुक्रवार को उप्र के जल शक्ति मंत्री डॉ महेंद्र सिंह अपने निर्धारित भ्रमण कार्यक्रम के अनुसार राजकीय हेलीकॉप्टर से खीरी ज़िले के शारदा नगर पहुंचे। उनके साथ राहत आयुक्त उप्र रणवीर प्रसाद, प्रमुख अभियंता सिचाई अशोक सिंह भी हेलीकॉप्टर पर सवार थे। इस दौरान आयुक्त लखनऊ मंडल रंजन कुमार, डीएम डॉ अरविंद कुमार चौरसिया, एसपी विजय दुल ने उनके जनपद आगमन पर स्वागत किया।
खीरी पहुंचने से पूर्व जलशक्ति मंत्री ने हेलीकॉप्टर से खीरी के बाढ़ग्रस्त इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करके वर्तमान परिदृश्य देखा। शारदा बैराज पर बनी हेलीपैड से जलशक्ति मंत्री सीधे सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के निरीक्षण भवन पहुंचे। जहां उन्होंने प्रशासनिक, अंतरविभागीय अफसरो व जनप्रतिनिधियों के साथ वर्तमान बाढ़ के हालातो, किए जा रहे बचाव अभियान की गहन समीक्षा की, जरूरी निर्देश दिए। बैठक की शुरुआत में डीएम डॉ अरविंद कुमार चौरसिया ने प्रेजेंटेशन देकर बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में किए जा रहे बाढ़ प्रबंधन व राहत कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट पेश की।
